बेगूं/चित्तौड़गढ़। जिला कांग्रेस कमेटी, चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष प्रमोद सिंह सिसोदिया की अनुशंसा एवं अनुमोदन से संगठन सृजन अभियान को गति देने तथा संगठन को बूथ स्तर तक सुदृढ़ एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से चित्तौड़गढ़ एवं बेगूं विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा, ब्लॉक, नगर एवं मंडल स्तर पर संगठनात्मक प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव एडवोकेट रईस खान ने बताया कि चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए उत्सव कुमार मानावत को विधानसभा प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं हीरालाल गुर्जर को चित्तौड़गढ़ ग्रामीण ब्लॉक प्रभारी, दिनेश अहीर को चित्तौड़गढ़ शहर ब्लॉक प्रभारी तथा रईस खान, जीनल सुखवाल, चंद्रपाल सिंह एवं गोवर्धनलाल आंजना को मंडल प्रभारियों का दायित्व सौंपा गया है।
उन्होंने बताया कि बेगूं विधानसभा क्षेत्र में गौरी लाल गुर्जर को विधानसभा प्रभारी नियुक्त किया गया है। शैलेन्द्र सिंह को बेगूं-रावतभाटा ब्लॉक प्रभारी, किशनलाल जाट को गंगरार-पारसोली ब्लॉक प्रभारी तथा नरेंद्र सिंह सारंगदेवोत को बेगूं एवं रावतभाटा नगर कांग्रेस कमेटियों का प्रभारी बनाया गया है। मंडल स्तर पर कमलेश खंडेलवाल, मोहम्मद शेर अंसारी, नासिर पठान, संजय मंडोरा एवं दिनेश भोई को संगठनात्मक दायित्व सौंपे गए हैं।
जिला सचिव एडवोकेट रईस खान ने कहा कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय, जवाबदेह एवं बूथ स्तर तक मजबूत बनाना है। सभी नवनियुक्त प्रभारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में ब्लॉक, नगर एवं मंडल कांग्रेस कमेटियों के साथ समन्वय स्थापित कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सभी प्रभारियों को जुलाई माह की मासिक बैठक जुलाई के अंतिम सप्ताह अथवा अधिकतम 05 अगस्त, 2026 तक आयोजित करवाने, बैठक का एजेंडा कम से कम तीन दिवस पूर्व संबंधित पदाधिकारियों को उपलब्ध कराने तथा बैठक में पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी, कार्यकारिणी गठन एवं कार्य-विभाजन, बूथ स्तर पर संगठन सुदृढ़ीकरण, स्थानीय जनसमस्याओं एवं आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही सभी प्रभारियों को यह भी निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में जनवरी 2026 से जुलाई 2026 तक आयोजित सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बैठकों एवं गतिविधियों का माहवार एवं दिनांक वार प्रतिवेदन निर्धारित प्रारूप में तैयार कर जिला कांग्रेस कमेटी, चित्तौड़गढ़ को निर्धारित समयावधि में उपलब्ध कराएं।









