संसद चलो’ अभियान में चित्तौड़गढ़ महिला कांग्रेस की सक्रिय भागीदारी
बेगूं/चित्तौड़गढ़। महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिलाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा दिल्ली में आयोजित ‘संसद चलो’ अभियान में चित्तौड़गढ़ महिला कांग्रेस ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा, प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह एवं प्रदेश प्रभारी दीप्ति सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष यशोदा नरेंद्र पुरोहित अपनी टीम के साथ शामिल हुईं।
दिल्ली में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण कानून को शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर पैदल मार्च निकाला और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण, समान अधिकार और राजनीतिक भागीदारी के समर्थन में नारे लगाए गए।
यशोदा नरेंद्र पुरोहित ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण सामाजिक और राजनीतिक समानता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ से जिला महासचिव ममता शर्मा, मधु गोस्वामी, नानीबाई रेगर, आशा, बृजेश, कमला यादव, सुशीला रेगर सहित कई महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।









