- जनगणना 2027 के फील्ड कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर।
- बेगूं चार्ज स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित, अधिकारियों ने किया फील्ड निरीक्षण।
बेगूं/चित्तौड़गढ़ । जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत बेगूं चार्ज स्तर पर समीक्षा बैठक का आयोजन उपखण्ड जनगणना अधिकारी बेगूं अंकित सामरिया की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में उप निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी चित्तौड़गढ़ शबनम खोरवाल, जनगणना कार्य निदेशालय से जिला समन्वयक अपेक्षा जैन, तहसील चार्ज जनगणना अधिकारी बेगूं गोपाल
जीनगर सहित चार्ज क्षेत्र के सभी पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
बैठक में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपखण्ड जनगणना अधिकारी बेगूं अंकित सामरिया ने कहा कि जनगणना किसी भी राष्ट्र में योजना निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होती है तथा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में आंकड़ों की शुद्धता की अहम भूमिका रहती है। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना पूर्णतः डिजिटल एवं आधुनिक तकनीक आधारित स्वरूप में संपादित की जाएगी, जिससे डाटा की शुद्धता, पारदर्शिता एवं त्वरित विश्लेषण सुनिश्चित होगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को अपने दायित्वों का निर्वहन सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए।

उप जिला जनगणना अधिकारी शबनम खोरवाल ने बताया कि स्व-गणना कार्य 1 मई से 15 मई 2026 तक पूर्ण होने के पश्चात अब 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का फील्ड कार्य किया जा रहा है। इस दौरान प्रगणक अपने सुपरवाइजर के निर्देशन में फील्ड में जाकर कार्य संपादित करेंगे। उन्होंने कहा कि जनगणना 2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है और इसमें लगे सभी कार्मिकों को पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
बैठक में फील्ड कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए बताया गया कि फील्ड कार्य प्रारंभ करने से पूर्व प्रगणक एवं पर्यवेक्षक पटवारी एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ब्लॉक सीमाओं की पहचान कर हस्तनिर्मित नक्शे तैयार करें तथा पर्यवेक्षकों के निर्देशन में कार्य करें।
जिला समन्वयक अपेक्षा जैन ने कहा कि पर्यवेक्षक प्रगणक एवं चार्ज अधिकारी के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी ब्लॉकों का पूर्ण कवरेज सुनिश्चित किया जाए, प्रगणकों के कार्य की नियमित समीक्षा की जाए तथा मकान सूचीकरण ब्लॉकों का सतत निरीक्षण किया जाए। साथ ही डेटा प्रविष्टि की गुणवत्ता, गोपनीयता एवं समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में एचएलओ ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की गई।
बैठक उपरांत उप निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी शबनम खोरवाल, जिला समन्वयक अपेक्षा जैन एवं तहसील चार्ज जनगणना अधिकारी गोपाल जीनगर ने प्रगणकों को आवंटित ब्लॉक क्षेत्रों का फील्ड निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता का अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।









