- पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न दें : जिला कलक्टर
- उपभोक्ताओं की सुविधा सर्वोपरि, सप्लाई चेन मजबूत रखने एवं कालाबाजारी रोकने के दिए निर्देश
बेगूं/चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में गुरुवार को समस्त तेल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों की बैठक जिला कलेक्ट्रेट के समिति कक्ष में आयोजित हुई। बैठक में जिले में पेट्रोल पम्पों पर अत्यधिक भीड़ एवं पेट्रोलियम उत्पादों की कमी संबंधी फैल रही अफवाहों के मद्देनजर स्थिति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने उपभोक्ताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी तेल कंपनियों को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आईओसी, बीपीसी, एचपीसी, नायरा एवं जीओ के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोलियम उत्पादों की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है तथा प्रति उपभोक्ता विक्रय सीमा तय किए जाने संबंधी खबरें पूर्णतः निराधार हैं। अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष बिक्री में 125 से 150 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है। बढ़ी हुई मांग को देखते हुए सभी कंपनियां अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।
जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें एवं पैनिक खरीदारी से बचें। उन्होंने कहा कि अनावश्यक खरीद के कारण ही पेट्रोल पम्पों पर सामान्य से अधिक भीड़ की स्थिति बन रही है।
बैठक में जिला कलक्टर ने सभी सेल्स अधिकारियों को संकट की स्थिति में सप्लाई चेन को मजबूत बनाए रखने, किसानों की आवश्यकताओं को
प्राथमिकता देने तथा शहरी क्षेत्रों के आउटलेट्स पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी रिटेल आउटलेट पर प्रति उपभोक्ता तय मात्रा जैसी शिकायतें नहीं आनी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं में अनावश्यक भय एवं भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
इसके अतिरिक्त निर्देश दिए गए कि कन्ज्यूमर पम्प वाले वाहन रिटेल आउटलेट्स पर अतिरिक्त दबाव नहीं बनाएं तथा ड्रमों आदि में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति नहीं की जाए।
कालाबाजारी संबंधी शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। किसी भी कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनने की आशंका होने पर संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से तत्काल समन्वय करने को कहा गया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन रामचन्द्र खटीक, जिला रसद अधिकारी हितेश जोशी, प्रवर्तन अधिकारी चक्षु पंड्या सहित विभिन्न तेल कंपनियों के सेल्स अधिकारी उपस्थित रहे।









